मैड्रिड: स्पेन के प्रधानमंत्री पेद्रो सांचेज ने ईरान के खिलाफ अमेरिका और इस्राईल की सैन्य कार्रवाई के गंभीर परिणामों को लेकर चेतावनी दी है। उन्होंने कहा है कि ईरान के साथ युद्ध से केवल पश्चिम एशिया की सुरक्षा ही प्रभावित नहीं हो रही, बल्कि पूरी दुनिया की स्थिरता भी खतरे में पड़ रही है। अंतरराष्ट्रीय संबंधों में युद्ध और सैन्य ताकत के इस्तेमाल को सामान्य मानना भविष्य में एक नए विश्व युद्ध का रास्ता खोल सकता है।
अमेरिकी पत्रिका फॉरेन अफेयर्स में लिखे अपने लेख में सांचेज ने कहा कि इस युद्ध के कारण समुद्री व्यापार और हवाई यातायात प्रभावित हुआ है। इसके चलते ऊर्जा, रासायनिक खाद और दूसरी जरूरी वस्तुओं की कीमतें बढ़ रही हैं। इसका आर्थिक बोझ दुनिया भर के करोड़ों लोगों को उठाना पड़ रहा है।
उन्होंने चेतावनी दी कि ईरान के खिलाफ युद्ध का असर इराक, लेबनान और यमन तक फैल रहा है, जिससे क्षेत्रीय सहयोग और शांति की कोशिशें मुश्किल हो गई हैं।
सांचेज ने खाड़ी देशों और पड़ोसी इलाकों में ईरान के हमलों की भी निंदा की। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि स्पेन ने अमेरिका को अपनी जमीन और सैन्य ठिकानों का इस्तेमाल ईरान के खिलाफ युद्ध के लिए करने की अनुमति नहीं दी।
उन्होंने कहा कि यह फैसला किसी सहयोगी देश के खिलाफ कदम या ईरान की सरकार का समर्थन नहीं था, बल्कि युद्ध में शामिल होने के संभावित परिणामों को देखते हुए लिया गया निर्णय था।
स्पेन के प्रधानमंत्री ने कहा कि अगर अधिक देशों ने ग़ज़्ज़ा और ईरान के युद्ध में शामिल होने से इनकार किया होता, तो इन संघर्षों को शुरू करना और जारी रखना संबंधित देशों के लिए ज्यादा मुश्किल होता।
इस बीच, अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने भी स्वीकार किया है कि अमेरिकी जनता के बीच ईरान के खिलाफ युद्ध को व्यापक समर्थन हासिल नहीं है। उन्होंने कहा कि इस युद्ध को लेकर लोगों में लोकप्रियता नहीं है।
सांचेज ने अंतरराष्ट्रीय कानून और वैश्विक संस्थाओं को मजबूत बनाने की जरूरत पर भी जोर दिया, ताकि भविष्य में ऐसे युद्धों को रोका जा सके।
आपकी टिप्पणी